HomeAccident Newsबस और दो कारों की भिड़ंत, दो नेपाली युवकों की मौत

बस और दो कारों की भिड़ंत, दो नेपाली युवकों की मौत

-

बीसलपुर मार्ग पर हुए हादसे में छह घायल, ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा


बरेली। थाना भुता क्षेत्र के अहिरौला चौराहे के पास बरेली-बीसलपुर मार्ग पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक बस और दो कारों की आपसी भिड़ंत में नेपाल निवासी दो युवकों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

रविवार देर रात करीब 12:20 बजे बस बरेली से बीसलपुर की ओर जा रही थी। अहिरौला चौराहे के पास बस चालक ने आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान सामने बीसलपुर की तरफ से आ रही अर्टिगा कार से बस की सीधी और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ठीक पीछे आ रही एक अन्य कार भी अनियंत्रित होकर आगे वाली कार में जा घुसी।

इस दुर्घटना में अर्टिगा कार में सवार नेपाल के बाजुरा जिले के दो युवकों की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अर्जुन कामी (36 वर्ष) पुत्र भीम कामी और चेतराज (35 वर्ष) निवासी बाजुरा, नेपाल के रूप में हुई है।

हादसे में अर्टिगा कार के चालक दिल बहादुर राणा पुत्र चंद्र राना (निवासी बाजुरा, नेपाल) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इसके अलावा अर्टिगा में सवार तीन अन्य लोगों और पीछे से टकराई दूसरी कार में बैठे दो लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों का निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही भुता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने तीनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts