प्रेमी गिरफ्तार, कॉलेज संचालक और बेटे को क्लीनचिट
फिरोजाबाद। मटसेना क्षेत्र में नर्सिंग कॉलेज की जीएनएम प्रथम वर्ष की छात्रा प्रीति की मौत के मामले में पुलिस ने मंगलवार को खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, प्रेमी अमन ने मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था। इससे आहत होकर प्रीति ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। पुलिस ने सिरसागंज निवासी अमन को गिरफ्तार कर लिया है। उसे मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
मैनपुरी के औंछा क्षेत्र की रहने वाली प्रीति का शव 28 अक्टूबर को रसीदपुर कनैटा रेलवे फाटक के पास ट्रैक पर मिला था। इसके बाद छात्रा के भाई रोहित कठेरिया ने कॉलेज के प्रधानाचार्य सुरेंद्र दक्ष और उनके बेटे यश दक्ष पर हत्या, दुष्कर्म के प्रयास और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, व्हाट्सएप चैट और हॉस्टल की छात्राओं से पूछताछ के आधार पर जांच की।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद के मुताबिक, सिरसागंज निवासी अमन लखनऊ के बीबीडी कॉलेज से पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रहा है। वह पिछले दो साल से प्रीति के संपर्क में था। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था। पुलिस जांच में सामने आया कि 27 अक्टूबर की शाम अमन ने प्रीति का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था।
पुलिस के मुताबिक, नंबर ब्लॉक होने के बाद प्रीति ने कई बार अमन को फोन करने की कोशिश की। उससे संपर्क नहीं हुआ तो उसने अमन की बहन और दोस्त से भी बात करने का प्रयास किया, लेकिन बातचीत नहीं हो सकी। पुलिस का दावा है कि इससे आहत होकर प्रीति हॉस्टल की दीवार फांदकर रेलवे ट्रैक पर पहुंची और ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
प्रीति के भाई ने कॉलेज के प्रधानाचार्य सुरेंद्र दक्ष और उनके बेटे यश दक्ष पर गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस ने दोनों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड और लोकेशन की जांच कराई। पुलिस के अनुसार, पिछले दो महीने में छात्रा की उनसे फोन पर बातचीत नहीं मिली। घटना की रात भी दोनों की लोकेशन कॉलेज या घटनास्थल के आसपास नहीं थी। जांच में फिलहाल उनकी भूमिका सामने नहीं आई है।
एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, व्हाट्सएप चैट और हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच की। इसी दौरान अमन से प्रेम प्रसंग और मोबाइल नंबर ब्लॉक किए जाने की बात सामने आई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद हॉस्टल की छात्राओं ने मीडिया से बातचीत में कॉलेज प्रशासन और स्टाफ के व्यवहार की सराहना की थी। उनका कहना था कि घटना से पहले रात तक प्रीति सामान्य थी और उसने कोई शिकायत नहीं की थी। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।