शादी के बाद से पत्नी से चल रहा था विवाद, पिता को भी हार्ट अटैक आया
शारदा रिपोर्टर मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के पटेलपुरी निवासी भाजपा मंडल उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता के बेटे प्रबल कुमार गुप्ता (रविवार) रात इलाज के दौरान मौत हो गई। पत्नी से विवाद के बाद प्रबल ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही पिता राजीव गुप्ता की तबीयत भी बिगड़ गई। उन्हें हार्ट अटैक आने के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रबल की शादी 2 नवंबर 2025 को टीपीनगर थाना क्षेत्र के रोहटा रोड स्थित ऋषिनगर निवासी स्नेहा गुप्ता से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था। शनिवार को दोनों की महिला थाने में काउंसलिंग भी हुई थी। आरोप है कि काउंसलिंग के दौरान महिला दरोगा और एक कांस्टेबल ने पत्नी का पक्ष लेते हुए प्रबल पर दबाव बनाया और उसके साथ अभद्रता की।
परिजनों के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 11 बजे प्रबल स्कूटी लेकर घर से निकला था। इसी दौरान उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। बताया गया कि जहरीला पदार्थ खाने के दौरान उसने एक वीडियो भी बनाया था।
बाद में प्रबल सदर थाना क्षेत्र में बेहोशी की हालत में मिला। आसपास के लोगों ने उसे कंकरखेड़ा स्थित कैलाशी अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। यहां डॉक्टरों ने शुरूआती इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सुभारती अस्पताल रेफर कर दिया। रविवार रात उपचार के दौरान प्रबल की मौत हो गई।
प्रबल का एक वीडियो भी सामने आया है। करीब 8 मिनट 6 सेकंड के इस वीडियो में उसने अपनी पत्नी स्नेहा गुप्ता, उनके पिता राजन गुप्ता, भाई सार्थक गुप्ता, ताई रीना गुप्ता और अन्य रिश्तेदारों को अपनी हालत के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
वीडियो में प्रबल ने अपने साथ हुए घटनाक्रम के बारे में बात की है। उसने महिला थाने में हुई काउंसलिंग का भी जिक्र किया है। हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
परिवार में प्रबल की मौत के बाद मातम पसरा है। इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलने पर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें हार्ट अटैक आया, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।