HomeAccident Newsखड़ी पिकअप में पीछे से दूसरी ने टक्कर मारी

खड़ी पिकअप में पीछे से दूसरी ने टक्कर मारी

-

यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में पिकअप के ड्राइवर-कंडक्टर की मौत


मथुरा। नौहझील थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब 11:30 बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 63 के पास भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।

आगरा से नोएडा की ओर जाने वाले मार्ग पर एक्सल टूटने के कारण हाईवे पर खड़ी मैक्स पिकअप में पीछे से आ रही दूसरी मैक्स पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय खराब वाहन के पास खड़े ड्राइवर और कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहझील ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात यमुना एक्सप्रेसवे कंट्रोल रूम से हादसे की सूचना मिलने पर बाजना कट चौकी प्रभारी हरेंद्र तोमर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर एक मैक्स पिकअप सड़क पर खराब हालत में खड़ी मिली। बताया गया कि वाहन का एक्सल टूट जाने के कारण वह आगे नहीं बढ़ पा रही थी। ड्राइवर और कंडक्टर वाहन से उतरकर उसके पास खड़े थे। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी मैक्स पिकअप ने खड़ी गाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर के कारण दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। मृतकों की पहचान बिहार के सीतामढ़ी जिले के मानपुर गांव निवासी शिवशंकर पुत्र स्वर्गीय भोला पासवान और इंदल पुत्र महेश्वर पासवान के रूप में हुई है। पुलिस मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना देने की कार्रवाई में जुटी है।

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर किनारे खड़ा कराया। इसके बाद यातायात सुचारु करा दिया गया। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर कानून-व्यवस्था से संबंधित कोई समस्या नहीं है। दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस को तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts