प्रथम स्थान आंचल, द्वितीय प्रियांशी शर्मा तथा तृतीय स्थान दिव्या ने प्राप्त किया
भगवती कॉलेज, सिवाया में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस पर कार्यक्रम आयोजित, सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत निबंध प्रतियोगिता एवं शपथ ग्रहण समारोह संपन्न मेरठ।
भगवती कॉलेज, सिवाया में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, मेरठ के तत्वावधान में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत निबंध प्रतियोगिता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह की मुख्य थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नैतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना तथा भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के निदेशक डॉ. दीपक पिपलानी एवं पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की ओर से महाप्रबंधक (प्रभारी) राघवेन्द्र सिंह, मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) मनप्रीत सिंह, सहायक प्रबंधक शिखा श्रीवास्तव एवं कनिष्ठ अधिकारी कमल कान्त भट्ट की उपस्थिति रहीं। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए “सत्यनिष्ठा से समृद्धि विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की ओर से पुरस्कृत किया गया। इसमें प्रथम स्थान पर आंचल, द्वितीय स्थान पर प्रियांशी शर्मा तथा तृतीय स्थान पर दिव्या ने स्थान प्राप्त किया, जबकि साक्षी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। सभी विजेता को पुरुस्कार के साथ धनराशि भी प्रदान की गई। साथ ही उपस्थित लोगों को सत्यनिष्ठा एवं ईमानदारी के मार्ग पर चलने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में चरित्र निर्माण, अनुशासन, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी एवं पारदर्शिता अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। महाविद्यालय की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रमुख डॉ. अनीता कंबोज ने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि निबंध प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की वैचारिक क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल एवं सामाजिक चेतना को विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में सुशील कुमार शर्मा, डॉ. अजय सक्सेना, प्रदीप कुमार, डॉ. संघमित्रा, शीतल, डॉ. कुलदीप सिंह एवं ज्योति का विशेष योगदान रहा। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. राजीव शर्मा, सुमन लता, डॉ. अलका शर्मा,सुनीता, डॉ. ललित मोहन चंद्रा एवं पिंकी सागर ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।