पठानपुरा गांव के पास हमला, युवक गंभीर रूप से घायल, पुलिस जांच में जुटी
सहारनपुर। नानौता थाना क्षेत्र में एक बाइक सवार युवक को अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने रोककर मारपीट की। इस हमले में युवक घायल हो गया। घटना पठानपुरा गांव के पास देर रात हुई। पीड़ित ने नानौता थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ढाकादेई गांव निवासी आफताब पुत्र इन्दरीश ने पुलिस को बताया कि वह बीती देर रात बातलू गांव से अपनी बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। आरोप है कि जैसे ही वह पठानपुरा गांव के नजदीक पहुंचा, चार-पांच अज्ञात नकाबपोश व्यक्तियों ने उसकी बाइक रोक ली। आफताब के अनुसार, बाइक रुकते ही उन लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर मारपीट कर उसे घायल कर दिया।
घटना के बाद पीड़ित किसी तरह नानौता थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घायल आफताब को उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
थानाध्यक्ष विकास चारण ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिल गई है। घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।