देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा, एक महिला भी हिरासत में
शामली। एमएसके रोड स्थित होटल रेडिएंट में देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। आदर्श मंडी और महिला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने होटल में छापा मारकर चार लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से नकदी, मोबाइल फोन, होटल का रजिस्टर और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। मामले में होटल मालिक समेत चार अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त की रात करीब 9:40 बजे आदर्श मंडी और महिला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने होटल रेडिएंट पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अनुज निर्वाल निवासी चौधरी चरण सिंह कॉलोनी, शामली, प्रशांत शर्मा उर्फ नितेश निवासी दादरी, मेरठ, जतिन निवासी दयानंद नगर, शामली और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों की तलाशी के दौरान नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए। अनुज के पास से 350 रुपये और ओप्पो मोबाइल, प्रशांत से 700 रुपये और रियलमी मोबाइल, जतिन से 200 रुपये और एप्पल मोबाइल तथा महिला से 2,210 रुपये और वीवो मोबाइल बरामद हुआ। इसके अलावा होटल का रजिस्टर और तीन पैकेट में आपत्तिजनक सामग्री भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
पुलिस ने मामले में देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमे में होटल मालिक राजन निवासी बड़ौत और प्रमोद समेत तीन अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की चिकित्सकीय जांच और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद सभी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।