चालक की सतर्कता से 500 से अधिक यात्रियों का बड़ा हादसा टला
बागपत। बड़ौत में दिल्ली-सहारनपुर रेलमार्ग पर एक बड़ा रेल हादसा टल गया। बृहस्पतिवार रात, कासिमपुर खेड़ी रेलवे स्टेशन से इंटरलॉकिंग टाइल्स उठाकर बूढ़पुर हाल्ट के पास ट्रैक पर रख दी गईं। शामली से दिल्ली जा रही ट्रेन संख्या 64020 को पलटाने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक की सतर्कता से 500 से अधिक यात्रियों की जान बच गई।
यह घटना बूढ़पुर हाल्ट से कासिमपुर खेड़ी की ओर ट्रेन के रवाना होते ही हुई। ट्रैक पर रखी इंटरलॉकिंग टाइल्स ट्रेन के काऊ कैचर से टकराईं। लोको पायलट देव कुमार ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाए और ट्रेन को सुरक्षित रोक लिया।लोको पायलट ने तुरंत दिल्ली में ट्रेन मैनेजर को घटना की सूचना दी। इसके बाद कासिमपुर खेड़ी के स्टेशन मास्टर शशि भूषण मौके पर पहुंचे और उन्होंने जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) व आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) को सूचित किया।
सूचना मिलने पर आरपीएफ शामली के एएसआई देशपाल, रेलवे पथ विभाग के की-मैन मीनू अली और गैंग नंबर आठ के गैंगमैन दीपक कुमार घटनास्थल पर पहुंचे।जांच के दौरान रेलवे ट्रैक पर इंटरलॉकिंग टाइल्स के लगभग 20 से 25 टुकड़े मिले, जिनमें से कुछ क्षतिग्रस्त थे। अधिकारियों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया, लेकिन टाइल्स रखने वाले व्यक्ति का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर सोनित शर्मा ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना की सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। ट्रैक पर इंटरलॉकिंग टाइल्स के टुकड़े मिले हैं। स्टेशन मास्टर शशि भूषण की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की पहचान और घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट करने के लिए जांच की जा रही है।