बाल-बाल बचे पति-बेटा
झांसी। आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। रविवार शाम को वह खेत पर अपने बेटे और पति के साथ पहुंची थी। उसने बेटे और पति को सांड़ भगाने के लिए भेज दिया।
दो मिनट बाद ही आकाशीय बिजली गिरने से महिला बेसुध हो गई। आनन फानन में घरवाले उसे अस्पताल ले गए। जहां पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। आज पुलिस पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम करा रही है। घटना पूंछ थाना क्षेत्र के सेरसा गांव की है।
मृतका का नाम अनीता (34) पत्नी राजेंद्र बंशकार था। वह पूंछ थाना क्षेत्र के सेरसा गांव की रहने वाली थी। मृतक के पति राजेंद्र बंशकार ने बताया- मैं अपनी पत्नी के साथ खेती किसानी करता हूं। हमारे दो बेटी अंशिका (19) और निशा (15) व एक बेटा आनंद (17) हैं। तीनों बच्चे पढ़ रहे हैं।
खेत पर धान की फसल लगी है। मैं और पत्नी गाय-भैंस चराने और खेत की रखवाली करने गए थे। छुट्टी होने की वजह से बेटा भी खेत पर आ गया। खेत पर पहुंचने के कुछ देर बाद तेज बारिश शुरू हो गई। इस दौरान एक सांड़ आया और गायों से लड़ने लगा।
तब मैं सांड़ को भागने चला गया। पत्नी ने बेटे आनंद को भी सांड़ भगाने के लिए भेज दिया। हम दोनों लगभग 100 मीटर दूर थे। दो मिनट बाद ही बादल चमकने लगे और आकाशीय बिजली गिर गई। इससे पत्नी बेहोश हो गई। बेलगाड़ी से पत्नी को सड़क पर लाए और फिर पूंछ अस्पताल ले गए।
वहां से मोठ सीएचसी ले गए। जहां पर डॉक्टर ने पत्नी अनीता को मृत घोषित कर दिया। अब मैं और बेटा सांड़ को भगाने न जाते तो बिजली की चपेट में आ सकते थे। आज पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा रही है।