जनता दर्शन में महिला बोली- दबंग रास्ता नहीं दे रहे
गोरखपुर। योगी आज गोरखपुर में हैं। मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान सख्त नजर आए। एक महिला ने कहा कि कुछ दबंग उसे रास्ता नहीं दे रहे हैं और शिकायत करने पर धमकी देते हैं कि जहां जाना हो चली जाओ। महिला की बात सुनकर सीएम नाराज हो गए।
सीएम ने अधिकारियों से कहा- रास्ता उपलब्ध कराओ और नहीं दे रहा है तो लेखपाल-कानूनगो और तहसीलदार सबको सस्पेंड करो।
उन्होंने अधिकारियों से कहा- जमीन से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां भी राजस्व मामलों के निस्तारण में लापरवाही मिले, वहां जिम्मेदार कर्मचारी या अधिकारी के खिलाफ मामले की गंभीरता के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन किया। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित कार्यक्रम में सीएम करीब 200 लोगों से मिले। वह एक-एक फरियादी के पास पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने अपने प्रार्थना पत्र मुख्यमंत्री को दिए, जिन्हें उन्होंने खुद पढ़कर शिकायत और समस्या की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि वे परेशान न हों। सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है। हर पीड़ित की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। जमीन से जुड़े कुछ अन्य मामलों में भी लोगों ने राजस्व कर्मियों की लापरवाही की शिकायत की। इस पर सीएम ने संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार इलाज के लिए हर संभव मदद करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र और जरूरतमंद लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं।
सीएम ने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनने के बाद भी यदि इलाज के लिए आर्थिक मदद की जरूरत पड़ती है तो मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी जरूरतमंद को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।