विक्षिप्त बेटे ने फरसा के डंडे से किए ताबड़तोड़ वार, हिरासत में
महोबा। खन्ना थाना क्षेत्र के ग्यौड़ी गांव में दिनदहाड़े एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 80 वर्षीय बुजुर्ग मुलायम अहिरवार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात को लोहार के मानसिक रूप से विक्षिप्त पुत्र ने अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह बुजुर्ग मुलायम अहिरवार अपने खेतों के लिए खुरपी सही करवाने और चारपाई बनवाने के इरादे से गांव के लोहार शिवदास विश्वकर्मा के घर गए थे। वह अभी दरवाजे पर ही पहुंचे थे कि लोहार का 35 वर्षीय पुत्र हरिशंकर विश्वकर्मा उर्फ ठोकिया हाथ में फरसा डंडा लेकर आ गया।
बिना किसी कहासुनी या ठोस वजह के, आरोपी हरिशंकर ने अचानक बुजुर्ग पर हमला बोल दिया। उसने फरसा डंडे से मुलायम अहिरवार पर कई ताबड़तोड़ प्रहार किए, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े।
बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। लहूलुहान हालत में मुलायम अहिरवार को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कबरई ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के पुत्र मुलायम ने बताया कि घटना के समय आरोपी का भाई पप्पू और पिता भी वहीं मौजूद थे।
घटना की सूचना मिलते ही खन्ना थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हत्यारोपी हरिशंकर उर्फ ठोकिया को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने मृतक बुजुर्ग के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की कानूनी जांच और अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है।