दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा, तीनों बाइक सवार झज्जर के रहने वाले थे
मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव कलछीना के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन कांवड़ियों की मौत हो गई। तीनों हरियाणा के झज्जर से हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहे थे।
हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है।
मृतकों की पहचान 45 वर्षीय ज्ञानप्रकाश, 35 वर्षीय राजकुमार और 22 वर्षीय प्रदीप के रूप में हुई है। तीनों हरियाणा के झज्जर जिले के रहने वाले थे और एक ही बाइक से हरिद्वार जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, गांव कलछीना के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों करीब 10 फीट दूर जाकर गिरे। बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम और भोजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।