HomeTrendingरामपुरी-इंद्रा कॉलोनी में जलभराव से जनजीवन ठप

रामपुरी-इंद्रा कॉलोनी में जलभराव से जनजीवन ठप

-

पांच साल से जलनिकासी का नहीं निकला समाधान, घरों के बाहर भरा गंदा पानी


मुजफ्फरनगर। लगातार हो रही बारिश ने शहर के कई इलाकों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रामपुरी, इंद्रा कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की गंभीर समस्या सामने आई है, जहां सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं।

मंगलवार सुबह से हो रही बारिश की वजह से घरों के बाहर पानी भर जाने से लोगों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में यही हालात बन जाते हैं, लेकिन स्थायी समाधान आज तक नहीं हो सका।

स्थानीय रोहित का आरोप है कि क्षेत्र में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी कई-कई दिनों तक भरा रहता है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। कई स्थानों पर गंदा पानी घरों के दरवाजों तक पहुंच गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

सुमित, अमित और अंकुर आदि क्षेत्रवासियों का कहना है कि पिछले करीब पांच सालों से नाला निर्माण और जलनिकासी व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही हैं। कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने मौके का निरीक्षण भी किया और जल्द समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन हालात आज भी जस के तस बने हुए हैं।

इलाके के लोगों का कहना है कि नगर विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल से भी कई बार शिकायत की गई। उन्होंने क्षेत्र का दौरा कर समस्या का जायजा भी लिया, लेकिन अब तक जलभराव की स्थायी व्यवस्था नहीं हो सकी। हर बारिश के साथ इलाके के लोगों को फिर उसी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय निवासियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जलनिकासी के लिए स्थायी व्यवस्था कराई जाए, नाला निर्माण का कार्य जल्द पूरा कराया जाए और बारिश के मौसम में राहत के लिए तत्काल प्रभाव से पानी निकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को इस नारकीय स्थिति से निजात मिल सके।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts