लाखों का हुआ नुकसान, पुलिस और स्थानीय लोगों ने बुझाई
फरुर्खाबाद। कम्पिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा कम्पिल में सोमवार देर रात शॉर्ट सर्किट से दो रेडीमेड कपड़ों की दुकानों में आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
यह घटना सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे कम्पिल कस्बे की राजपूत मार्केट में हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग लगने से दुकानों में रखा कपड़ा और एक इनवर्टर भी जल गया।
राजपूत मार्केट में आलोक राठौर की रेडीमेड कपड़ों की दुकान में सबसे पहले आग लगी। पड़ोसियों ने धुआं उठते देखा और उन्हें फोन पर सूचना दी। आलोक राठौर मौके पर पहुंचे और शटर खोला, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी।
समरसेबल और आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा सारा कपड़ा जलकर राख हो चुका था। आलोक राठौर ने करीब 7 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है। आग तेजी से फैलकर बगल में स्थित मुखराम राजपूत (निवासी अकराबाद) की रेडीमेड कपड़ों की दुकान तक पहुंच गई।
दोनों दुकानों के बीच लकड़ी का पार्टिशन होने के कारण आग और भड़क गई। मुखराम राजपूत ने बताया कि उनकी दुकान में रखा करीब 1.50 लाख रुपये का रेडीमेड कपड़ों का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय दुकानदारों और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।