HomeTrendingगाड़ी खड़ी करने पर दो गुट भिड़े, दो का सिर फूटा

गाड़ी खड़ी करने पर दो गुट भिड़े, दो का सिर फूटा

-

दस मिनट तक चले दोनों गुटों में लाठी-डंडे, महिलाओं के कपड़े फाड़े


गाजियाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र के प्रताप विहार में शुक्रवार शाम कार खड़ी करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पहले कहासुनी हुई, फिर दोनों पक्ष लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। सड़क पर जमकर मारपीट हुई, जिसमें दो युवकों के सिर फट गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।

प्रताप विहार निवासी वसीम ने बताया कि उनके घर के सामने शादाब अपनी कार खड़ी करता है, जिससे घर का गेट और स्कूटी निकालने का रास्ता बाधित हो जाता है। कई बार विरोध करने के बावजूद कार नहीं हटाई गई। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे वसीम ने फिर कार हटाने को कहा, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग घरों से लाठी-डंडे लेकर बाहर आ गए और एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान महिलाओं के बीच भी कहासुनी और गाली-गलौज हुई। मारपीट में वसीम और उनके चचेरे भाई राजा के सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना का वीडियो आसपास के एक व्यक्ति ने छत से बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वसीम का आरोप है कि शादाब, इरशाद, शहजाद समेत कई लोग उनके घर में घुस आए और महिलाओं के साथ मारपीट की। उन्होंने महिलाओं के कपड़े फाड़ने और एक महिला के साथ अभद्रता करने का भी आरोप लगाया है। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर खोड़ा थाना प्रभारी नरेश शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि कार खड़ी करने के विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई है। मामले में एफआईआर दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और उसमें दिखाई देने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts