महिला आयोग के आदेश पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा हुआ दर्ज
अमरोहा। न्यायालय परिसर में एक महिला अधिवक्ता के साथ अभद्रता, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में देहात थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई महिला आयोग के आदेश पर की गई है, जिसमें चार नामजद अधिवक्ताओं सहित छह लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना 21 जनवरी 2026 की शाम करीब साढ़े चार बजे की है। पीड़ित महिला अधिवक्ता ने आरोप लगाया था कि स्थानीय स्तर पर शिकायत के बावजूद पुलिस ने तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई, जिसके निर्देश पर अब मुकदमा दर्ज किया गया है।
अमरोहा शहर के एक मोहल्ले की निवासी यह महिला अधिवक्ता जिला एवं सत्र न्यायालय में प्रैक्टिस करती हैं। उनका अपने अधिवक्ता भाई के साथ विवाद चल रहा है। आरोप है कि यह घटना उनके भाई के इशारे पर हुई।
महिला अधिवक्ता के अनुसार, 21 जनवरी की शाम न्यायालय परिसर में उनके भाई के इशारे पर कचहरी में प्रैक्टिस करने वाले कुछ अधिवक्ताओं ने उन्हें रास्ते में रोका और अभद्रता शुरू कर दी। आरोप है कि एक अधिवक्ता ने उनका दुपट्टा खींच लिया और विरोध करने पर उन्हें खींचकर चैंबर की ओर ले जाने लगे।
शोर सुनकर पूर्व बार अध्यक्ष कृपाल सिंह यादव मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर महिला अधिवक्ता को बचाया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि 16 फरवरी को आरोपियों की ओर से उनके चरित्र को लेकर आपत्तिजनक बातें की गईं और कुछ तस्वीरें भी प्रसारित की गईं। इस मामले में सर्किल सीओ अवधभान सिंह भदौरिया ने बताया कि मुजाहिद हुसैन, मनु शर्मा, राजीव कुमार गोले और नदीम खुसरो को नामजद किया गया है। इनके अलावा दो अज्ञात लोगों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है और जांच जारी है।