लालता रोड चौराहे के पास हुआ हादसा, पुलिस ने वाहन जब्त किया
चित्रकूट। मऊ थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में बाइक सवार राजकुमार (38) की मौत हो गई। उन्हें एक चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल राजकुमार को पहले मऊ सीएचसी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज रेफर कर दिया गया था।
प्रयागराज पहुंचने पर डॉक्टरों ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। यह घटना कल शाम करीब 5:30 बजे लालता रोड चौराहे से जोरवारा टोल के बीच हुई थी। रात 10 बजे उनकी मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त चार पहिया वाहन को कब्जे में ले लिया है और उसके चालक से पूछताछ कर रही है।
मऊ थाना प्रभारी श्री प्रकाश यादव ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।