21 दिन से लापता युवती प्रयागराज से बरामद
बागपत। सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के बसोद गांव से 21 दिन पहले लापता हुई युवती को पुलिस ने मंगलवार को बरामद कर लिया है। पुलिस ने उसे इलाहाबाद से खोज निकाला। अब युवती के बयान न्यायालय में दर्ज कराए जाएंगे, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
बसोद गांव की 19 वर्षीय युवती 21 दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों ने एक युवक पर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने इस संबंध में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू की थी।
इस मामले में लगातार विरोध प्रदर्शन चल रहा था। कई संगठनों, जिनमें हिंदू संगठन और भारतीय किसान यूनियन के नेता शामिल थे, ने युवती की बरामदगी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी थी। सीओ सुकन्या शर्मा ने बताया कि युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और मामले की गहन छानबीन जारी है।