छोटे भाई की शादी से चार दिन पहले, ढाई माह पहले पिता का निधन
ललितपुर। शुक्रवार सुबह एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना उसके छोटे भाई की शादी से मात्र चार दिन पहले हुई। मृतक के पिता का निधन भी ढाई महीने पहले ही हुआ था। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और उसे घर ले गए।
यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे हुई। 34 वर्षीय अक्षय जैन, पुत्र स्वर्गीय देवेंद्र जैन, अपने घर की छत पर खराब पड़ी वाशिंग मशीन ठीक कर रहे थे, तभी उन्हें अचानक करंट लग गया। परिजनों ने तत्काल उन्हें मेडिकल कॉलेज ललितपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अक्षय जैन थाना जखौरा के ग्राम लगौन के निवासी थे और वर्तमान में कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला आजादपुरा, तुवन मंदिर के पीछे रहते थे।
रिश्तेदारों के अनुसार, अक्षय के पिता देवेंद्र जैन ग्राम लगौन के पूर्व प्रधान थे, जिनका लगभग ढाई महीने पहले दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। अक्षय अपने तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर थे। उनके परिवार में एक साल की बेटी और चार साल का एक बेटा है। वह खेती-किसानी के साथ-साथ ठेकेदारी का काम भी करते थे। अक्षय के छोटे भाई की शादी 7 जुलाई को होनी थी। इस दुखद घटना से परिवार में गहरा सदमा है।