भीषण गर्मी से मिली राहत, दोपहर में उमस ने किया परेशान, अगले 24 घंटे बारिश के आसार
शारदा रिपोर्टर मेरठ। देर रात हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक बादल और हल्की बारिश के आसार बताए हैं।
आसपास के क्षेत्रों में बुधवार देर रात हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे गुरुवार सुबह का मौसम काफी सुहावना रहा। हालांकि दिनभर बादल और धूप के बीच आंख-मिचौली का दौर जारी रहा।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बारिश का असर अगले कुछ दिनों तक देखने को मिल सकता है। अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने का अनुमान है। इससे दिन के समय गर्मी का प्रभाव कम रहेगा और लोगों को राहत मिलेगी। हालांकि दोपहर के समय धूप निकलने पर नमी बढ़ने के कारण उमस महसूस हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी की भी संभावना है। वातावरण में नमी बढ़ने से सुबह और शाम के समय मौसम अपेक्षाकृत सुखद बना रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्री-मानसूनी गतिविधियां सक्रिय होने के कारण मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है।
किसानों के चेहरे खिले, फसलों को मिलेगा लाभ
बारिश के बाद किसानों के चेहरों पर भी खुशी दिखाई दी। खेतों में खड़ी फसलों और सब्जियों को इस वर्षा से लाभ मिलने की उम्मीद है। कृषि कार्यों के लिए भी यह बारिश उपयोगी मानी जा रही है। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि फिलहाल लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलने की संभावना है और तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है।
राहत के बावजूद उमस कर रही परेशान
मौसम में सुधार के बावजूद हवा में बढ़ी नमी के कारण उमस पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि दिन में धूप निकलने पर लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव की सलाह दी गई है।