HomeTrendingटैंकर से टकराकर कार सवार महिला की मौत

टैंकर से टकराकर कार सवार महिला की मौत

-

चालक को झपकी आने से हुआ हादसा, पांच घायलों में दो की हालत गंभीर


सोनभद्र। बभनी-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह टैंकर से टकराकर कार सवार महिला की मौत हो गई। एक ही परिवार के पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा विष्णु प्रिया ढाबा पोखरा के पास उस समय हुआ।


हादसे में तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े टैंकर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। सभी घायल उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रहने वाले हैं, जो छत्तीसगढ़ जा रहे थे।

बताया जा रहा है कि बलिया जिले के सिकंदरपुर निवासी सिंह परिवार कार से रेणुकूट होते हुए रायपुर (छत्तीसगढ़) जा रहा था। सुबह जैसे ही उनकी कार बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर विष्णु प्रिया ढाबा के पास पहुंची, तभी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक टैंकर से टकरा गई। सुबह के वक्त चालक को नींद की झपकी आने और कार की रफ्तार तेज होने के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण और वहां से गुजर रहे राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। कार के परखच्चे उड़ने के कारण लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने रुचि सिंह (33) पत्नी पवन सिंह को मृत घोषित कर दिया।

इस भीषण दुर्घटना में परिवार के पांच अन्य लोग लहूलुहान हुए हैं। रुचि सिंह (33 वर्ष) पत्नी पवन सिंह (मृतक महिला), यतेंद्र सिंह (70 वर्ष) (हालत नाजुक), पवन सिंह (35 वर्ष) (हालत नाजुक), मालती सिंह (65 वर्ष), पंकज सिंह (32), रिमझिम (4 वर्ष) का नाम शामिल है।

अस्पताल के डॉक्टरों ने यतेंद्र सिंह और पवन सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है। वहीं, बच्ची समेत अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

घटना के बाद पुलिस ने मृतका रुचि सिंह के शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है, लेकिन शुरूआती जांच में हादसा तेज रफ्तार और ड्राइवर को नींद आने की वजह से होना प्रतीत हो रहा है।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

4,000,000FansLike
100,000SubscribersSubscribe

Latest posts