चांदपुर में दुकान से दूध लेकर लौटते समय हुआ हादसा, चालक फरार
बिजनौर। चांदपुर में बुधवार सुबह एक डंपर की टक्कर से साइकिल सवार एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना नूरपुर धामपुर मार्ग पर हुई। मृतक की पहचान नूरपुर कस्बे के हजरतनगर निवासी करीब 70 वर्षीय रामकुमार पुत्र तेजपाल के रूप में हुई है।
सुबह करीब साढ़े 8 बजे, रामकुमार गांव धौलागढ़ की ओर से दूध लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रेत-बजरी से भरे एक डंपर ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद डंपर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने डंपर को अपने कब्जे में ले लिया है, लेकिन परिजन शव का पोस्टमार्टम न कराने की जिद पर अड़े हैं।
इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवेज कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। डंपर को जब्त कर लिया गया है, जबकि उसका चालक अभी फरार है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।