पहचान छिपाने को न्यूड कर फेंका था शव, रेप के मुकदमे के बाद रास्ते से हटाया
कानपुर। 21 मई को किडनैप हुई लड़की की हत्या उत्तम हास्पिटल के संचालक ने की थी। आरोपी ने उसके साथ रेप किया। जब उसने शादी का दबाव बनाया तो उसके मर्डर की प्लानिंग की। आरोपी ने उसे मिलने के लिए बर्रा बाइपास बुलाया। यहां स्कॉर्पियो के अंदर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
फिर आरोपी ने अपने भतीजे और सिक्योरिटी गार्ड को बुलाया। आरोपी स्कॉर्पियो से 380 ङट दूर बुलंदशहर पहुंचे। जहां न्यूड कर लड़की का शव आम के बाग में फेंक दिया। 23 मई को लड़की का शव मिला था।
शिनाख्त न होने पर पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने 24 मई को अंतिम संस्कार भी करवा दिया था। 24 मई को लड़की की मां ने बर्रा थाने में आरोपी हास्पिटल संचालक और उसके भतीजे पर बेटी को अगवा कर हत्या करने की आशंका जताकर तहरीर दी थी।
तब से पुलिस मामले की जांच कर रही थी। बुधवार को पुलिस ने हास्पिटल संचालक के भतीजे और सिक्योरिटी गार्ड को अरेस्ट कर लिया है। जबकि मुख्य आरोपी हास्पिटल संचालक ने थाने में सरेंडर कर दिया। इससे पहले उसने एक वीडियो बनाया। जिसमें वह खुद को बेकसूर बता रहा है। लड़की ने आरोपी पर उत्तम हास्पिटल के संचालक देवकांत उत्तम पर रेप का केस दर्ज कराया था।
डीसीपी साउथ दीपेंद्रनाथ चौधरी ने बताया कि उन्नाव की रहने वाली लड़की दरोगा भर्ती की तैयारी कर रही थी। वह बर्रा बाइपास पर किराए के मकान में मां के साथ रहती थी। 10 फरवरी 2024 को उन्नाव आई थी। यहां उसकी तबीयत खराब हो गई। वह दवा लेने के लिए शेखपुर स्थित उत्तम हास्पिटल पहुंची। यहां देवकांत उत्तम ने कुछ देर में दवा दिलवाने की बात कहकर केबिन में बैठने को कहा। उसने नाम पते की जानकारी के साथ मोबाइल नंबर भी ले लिया।
दवा लेने के बाद लड़की घर लौट गई। मगर आरोपी देवकांत उत्तम ने उसे फोन करना शुरू कर दिया। उसने लड़की के सामने शादी करने का प्रस्ताव रखा। लड़की तैयार हो गई। इसके बाद दोनों कार से घूमने जाने लगे। आरोपी लड़की को अपने कानपुर स्थित फ्लैट पर लेकर गया। जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
24 जुलाई 2025 को आरोपी देवकांत उत्तम लड़की को मध्य प्रदेश लेकर गया। यहां एक होटल में ठहरे। उसके साथ शारीरिक शोषण किया। उनके अश्लील फोटो ले लिए। इसी बीच लड़की गर्भवती हो गई। इस पर देवकांत ने कल्याणपुर स्थित कानपुर के एक अस्पताल में एक अगस्त 2025 को गर्भपात करा दिया।
लड़की ने आरोपी से शादी करने को कहा, तो वह टालमटोल करने लगा। इसके बाद लड़की ने उससे मिलना जुलना कम कर दिया। तभी आरोपी ने उसके न्यूड फोटो दिखाए। उसने लड़की से कहा कि अगर मुझसे दूर गई तो मैं यह सब वायरल कर दूंगा।
धमकी से परेशान लड़की ने 19 मई को उन्नाव के सदर कोतवाली में हास्पिटल संचालक के खिलाफ शारीरिक शोषण की शिकायत दर्ज कराई। जब इसकी जानकारी आरोपी हास्पिटल संचालक देवकांत उत्तम को हुई तो उसने साजिश रची।
21 मई को आरोपी ने लड़की को मिलने के लिए बर्रा बाईपास बुलाया। उसके साथ उसका भतीजा विवेक पटेल भी था। लड़की दोपहर 1:06 बजे घर से निकली। बर्रा बाईपास पहुंची तो वहां पहले से स्कार्पियो में विवेक और देवकांत उत्तम मौजूद थे। जब लड़की स्कॉर्पियो में बैठी, तभी देवकांत ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसका शव लेकर उन्नाव के शेखपुर में अपने निमार्णाधीन अस्पताल पहुंचे। यहां देवकांत स्कार्पियो से उतर गया।
आरोपी विवेक और अस्पताल में तैनात सिक्योरिटी गार्ड अजीत सिंह शव लेकर गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते बुलंदशहर गए। 22 मई की रात दोनों आरोपी जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के अनूप शहर हाईवे स्थित आम के बाग में पहुंचे। युवती की पहचान छिपाने के लिए उसके कपड़े निकालकर शव को बाग में फेंक दिया। हालांकि उसके हाथ से कलावा और नाक की कील निकालना भूल गए।बुलंदशहर में मिला शव, पुलिस ने अज्ञात में अंतिम संस्कार किया
23 मई को बुलंदशहर पुलिस को शव मिला। शिनाख्त न होने पर पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने 24 मई को अंतिम संस्कार करवा दिया। इधर, 24 मई को युवती की मां ने बर्रा थाने में आरोपी हास्पिटल संचालक और उसके भतीजे पर बेटी को अगवा कर हत्या करने की बात कही। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
केस दर्ज होने के बाद आरोपी विवेक पटेल ने पुलिस को गुमराह करने के लिए एक और साजिश रची। उसने खुद को गोली मारकर घायल कर लिया। वह 28 मई को उन्नाव के दही इलाके में घायलावस्था में मिला। उसने युवती समेत तीन लोगों पर बंधक बनाकर गोली मारने की सूचना पुलिस को दी।
30 मई को हैलट अस्पताल से जब वह डिस्चार्ज हुआ तो पुलिस ने उसको हिरासत में ले लिया। पुलिस की पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने हत्या और शव ठिकाने लगाने की पूरी कहानी बयां कर दी।
इसके बाद पुलिस लड़की की मां और आरोपी को लेकर बुलंदशहर पहुंची। यहां थाना पुलिस ने लड़की की डेडबॉडी दिखाई। लड़की की मां ने कलावा और नाक की कील से बेटी की शिनाख्त की। भतीजे की गिरफ्तारी के बाद मुख्य आरोपी देवकांत उत्तम ने भी सोमवार को बर्रा थाने में सरेंडर कर दिया। इससे पहले उसने एक वीडियो बनाया। वीडियो में वह कह रहा है कि मैं निर्दोष हूं। मैं बर्रा थाने में सरेंडर करने जा रही हूं। मेरा कानपुर और उन्नाव पुलिस से अनुरोध है कि जो भी सच्चाई हो उसे सामने लाएं।