बेटे के मर्डर पर पिता ने कहा था-एक करोड़ टैक्स देता हूं, फिर भी परिवार सुरक्षित नहीं
गाजीपुर। होटल कारोबारी के बेटे की हत्या के आरोपी कमलेश चौधरी बिंद को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा को भी गोली लगी। उनकी हालत गंभीर है।
यह मुठभेड़ बुधवार देर शाम शहर मुख्यालय से करीब 12 किमी दूर कुर्था में हुई। वाराणसी रेंज के ऊकॠ वैभव कृष्ण ने मंगलवार को चारों नामजद आरोपियों पर इनाम घोषित किया था। मुख्य आरोपी शंकर पांडे और कमलेश चौधरी बिंद पर 1 लाख रुपए, जबकि अन्य दो आरोपियों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम है।
29 मई की रात कमलेश बिंद ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हमला उस वक्त हुआ था, जब विनीत होटल से घर के लिए निकल रहे थे। वारदात के बाद होटल कारोबारी ने कहा था- एक करोड़ टैक्स देता हूं, फिर भी परिवार सुरक्षित नहीं है।
इस हत्या की प्लानिंग वॉट्सएप ग्रुप ‘कटरा गैंग’ पर हुई थी। एक करोड़ की रंगदारी न देने पर विनीत की हत्या की गई थी। हत्या में शामिल शंकर पांडेय, सोनू यादव और मोनू त्रिपाठी फरार हैं। शंकर पांडेय मुख्य आरोपी है। वह कटरा गैंग चलाता है।
एसपी डॉ. ईरज राजा ने कहा कि होटल कारोबारी विनीत राय की हत्या के मामले में हमारी टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। बुधवार रात 9 बजे हत्या के आरोपियों में से एक कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद को लेकर एक इनपुट मिला। कमलेश कुर्था में पवहारी बाबा आश्रम के पास छिपा हुआ था।
पुलिस और स्वाट टीम ने इलाके को घेरा। तभी एक संदिग्ध बिना नंबर प्लेट की गाड़ी से आता दिखा। टीम ने उसे रोकने की कोशिश की। लेकिन बाइक सवार करीब 800 दूर से ही फायरिंग करने लगा।
पुलिस ने भी जवाब दिया। इसी दौरान बाइक सवार गोली लगने से घायल हो गया। पास जाकर पुलिस ने देखा तो वह कमलेश बिंद था। उसे अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ में स्वाट टीम इंचार्ज और सब इंस्पेक्टर रोहित मिश्रा को कंधे पर गोली लगी है।
कमलेश के पास से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, एक कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, कमलेश के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, मारपीट, धमकी और शस्त्र अधिनियम समेत कुल सात मुकदमे दर्ज थे। उस पर पहली बार 2017 से केस दर्ज हुआ था।
नकाबपोश बदमाशों ने पहले बियर मांगी, फिर फायरिंग की
गाजीपुर में सदर कोतवाली क्षेत्र में ‘बिंदु होटल’ नाम से आलोक राय का लग्जरी होटल है। आलोक राय के दो बेटे विनीत और आदेश (27) थे। एमएससी और डी.फार्मा करने के बाद विनीत ही होटल का मैनेजमेंट संभालता था। वह होटल का रेनोवेशन करवा रहा था। उसकी शादी पिछले साल 18 मई को हुई थी। 29 मई, शुक्रवार को विनीत होटल में ही था। रात 11 बजे वह होटल में डिनर कर घर के लिए निकला, लेकिन गेट पर ही उसे कुछ काम याद आ गया। वह फिर होटल के अंदर चला गया। इसी बीच, दो बाइक पर सवार चारों बदमाश पहुंचे। इसी दौरान विनीत होटल से बाहर निकले और अपनी कार की तरफ बढ़े। तभी बदमाशों ने कमर से पिस्टल निकाली और विनीत को घेर लिया। दो बदमाशों ने पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली विनीत के दाएं हाथ में लगी। विनीत जान बचाकर भागे तो बदमाशों ने कमर में गोली मार दी। जैसे ही वह लड़खड़ाए, सीने में दो गोलियां मार दीं। इसके बाद विनीत वहीं गिर पड़े। गार्ड शंभू ने अंदर जाकर विनीत के पिता आलोक राय को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही आलोक राय अपने भाई अरविंद और परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां देखा कि गेट पर ही उनका बेटा विनीत लहूलुहान हालत में पड़ा था। आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।