– गोवर्धन परिक्रमा से लौट रहे थे दोनों दोस्त, इगलास-मथुरा मार्ग पर हुआ हादसा।
अलीगढ़। कासिमपुर पावर हाउस क्षेत्र के दो युवकों की शनिवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। दोनों युवक शुक्रवार रात गोवर्धन में गिर्राजजी की परिक्रमा करने गए थे और वापस लौटते समय उनकी बाइक एक टेंपो से टकरा गई। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतकों की पहचान हर्ष अग्रवाल पुत्र राजेश अग्रवाल और कपिल पाल सिंह पुत्र मांगेलाल के रूप में हुई है। दोनों युवक शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे बाइक से गोवर्धन के लिए निकले थे। परिक्रमा पूरी करने के बाद शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे इगलास-मथुरा मार्ग पर उनकी बाइक सामने से आ रहे टेंपो से टकरा गई।
हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत दोनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन दोनों युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी हादसे पर दुख जताया है। थाना इगलास पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

