– सुबह से ही लू ने बढ़ाई लोगों को परेशानी, सड़कों पर बांटा जा रहा ठंडा शरबत।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। मंगलवार की सुबह तेज और चमकदार धूप के साथ हुई। बीते दिन भी भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर होते-होते सड़कों और बाजारों में सन्नाटा दिखाई देने लगा।

जहां बीते दिन का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। वहीं आज भी तापमान 43 डिग्री पहुंचने के आसार है। मई के शुरूआती दो सप्ताह बारिश और आंधी के चलते मौसम अपेक्षाकृत राहतभरा रहा था, लेकिन अब पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद मौसम पूरी तरह शुष्क हो गया है। इसके चलते गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है।
मौसम विभाग ने आने वाले चार दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है। अनुमान है कि दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान, मोदीपुरम के मौसम वैज्ञानिक डॉ. शमीम के अनुसार फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त हो चुका है, जिसके कारण मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलने से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।


