नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों को अगले दो दिनों तक लू और भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 19 और 20 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन दिनों अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना है।

18 मई (आज): अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना। दिनभर तेज सतही हवाएं चलेंगी। 19 मई: गर्मी और बढ़ेगी। अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस। हीट वेव की स्थिति रहेगी। दोपहर और शाम के समय तेज गर्म हवाएं परेशान करेंगी। 20 मई: भीषण गर्मी जारी रहेगी। अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस। हीट वेव का येलो अलर्ट। 21 और 22 मई को तापमान में थोड़ी गिरावट आने की उम्मीद है, जब अधिकतम तापमान 42 डिग्री के आसपास रह सकता है।
भीषण गर्मी और लू को देखते हुए डॉक्टरों ने खास सावधानियां बरतने की अपील की है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। भरपूर मात्रा में पानी, ओआरएस, नारियल पानी और तरल पदार्थ पीएं। झ्र धूप में निकलते समय सिर ढकें, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और सीधे सूर्य की किरणों से बचें।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे लू से संबंधित लक्षण (चक्कर आना, उल्टी, थकान, बेहोशी आदि) दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें। लगातार बढ़ती गर्मी से दिल्ली-एनसीआर में जनजीवन, ट्रैफिक और कामकाज पर असर पड़ने की आशंका है।

