नई दिल्ली। मुंबई के पायधुनी इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक परिवार के चार सदस्यों की फूड पॉइजनिंग से मौत हो गई।
मृतकों में पति-पत्नी और उनकी दो नाबालिग बेटियां शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, परिवार ने रात में बिरयानी खाई और उसके बाद तरबूज खाया, जिसके कुछ घंटों बाद ही सभी को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी।
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 25 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे नौ परिवार के सदस्यों ने साथ डिनर किया। बाद में रिश्तेदार अपने घर लौट गए। आधी रात के करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच अब्दुल्लाह डोकड़िया (40), उनकी पत्नी नसरीन डोकड़िया (35) और बेटियां आईशा (16) व जैनब (13) ने तरबूज खाया।
सुबह करीब 5:30 से 6:00 बजे इन चारों को तेज उल्टी और दस्त शुरू हो गए। परिवार के डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें JJ अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान सबसे पहले छोटी बेटी जैनब की सुबह 10:15 बजे मौत हो गई। पिता अब्दुल्लाह की रात 10:30 बजे मृत्यु हुई, जबकि मां नसरीन और बड़ी बेटी आईशा भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।


