शारदा रिपोर्टर मेरठ। मवाना शुगर मिल में गन्ने की भारी कमी के कारण परिचालन प्रभावित हो रहा है। मिल के 165 क्रय केंद्रों में से 50 केंद्र पहले ही बंद हो चुके हैं। वरिष्ठ महाप्रबंधक प्रमोद बालियान ने चेतावनी दी है कि अप्रैल माह में मिल पूरी तरह बंद हो सकती है।

वर्तमान में, मिल में केवल दो चेनें चल रही हैं, जबकि इसकी क्षमता तीन चेन चलाने की है। मिल की दैनिक पेराई क्षमता 1.30 लाख क्विंटल गन्ने की है, लेकिन अब केवल 80 हजार क्विंटल गन्ना ही पहुंच रहा है।
गन्ने की आवक में इस भारी गिरावट से किसानों में चिंता बढ़ गई है। बालियान ने कहा कि गन्ने की आवक में कमी मिल के संचालन के लिए गंभीर खतरा बन रही है। इसी बीच, क्षेत्र की टिकौला शुगर मिल ने सोमवार को अपना पेराई सत्र समाप्त कर दिया और बंद हो गई। इससे स्थानीय गन्ना किसानों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
गन्ना उत्पादक संगठनों ने सरकार से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि हजारों किसानों को प्रभावित होने से बचाया जा सके। मिल प्रबंधन ने भी किसानों से गन्ने की आपूर्ति बढ़ाने की अपील की है।

