– संयुक्त गुर्जर परिसंघ के पदाधिकारियों ने पत्रकार वार्ता में लगाए उपेक्षा के आरोप।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। बुधवार को बाउंड्री रोड स्थित 2-बी में संयुक्त गुर्जर परिसंघ ने गुर्जर समाज के राजनैतिक हित, उसके हक और उचित मान सम्मान को दिलाये जाने की मांग को लेकर प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान संयुक्त गुर्जर परिसंघ के अध्यक्ष भोपाल सिंह गुर्जर ने बताया कि, गुर्जर एक देशभक्त राष्ट्रहित के प्रति समर्पित बलिदानी और क्रान्तिकारी कौम है। क्योंकि, हम समाज की सभी 36 बिरादरियों के साथ आपसी भाईचारा और सौहार्दपूर्ण सम्बन्ध बनाकर रखते हैं।

उन्होंने कहा कि, विगत दशक से देश और प्रदेश में भाजपा की नीति ‘सबका साथ सबका विकास’ की नीति और राष्ट्रहित के मुददो से प्रभावित होकर सभी चुनावों में एकजुट होकर अपना समर्थन और सहयोग दिया है। लेकिन बड़े दुख की बात है कि, हमें दुर्भाग्य से भाजपा पार्टी द्वारा हमारे गुर्जर समाज को पूर्णतया: सहयोग व सपोर्ट करने के बाद भी देश और प्रदेश की सरकार और पार्टी संगठन में राजनैतिक रूप से सक्रिय भूमिका निभा रहे गुर्जर समाज के लोगों को उचित मान-सम्मान और हक के समान अपेक्षित अवसर नहीं दिये जा रहें हैं। जिस कारण राजनैतिक रूप गुर्जर समाज और जिम्मेदार समाज हितैषी व्यक्ति बेहद नाराज हैं और अपने को ठगा समझ रहे है।
उन्होंने कहा कि, भाजपा पार्टी द्वारा सरकार और संगठन में जिम्दार पदों पर नियुक्त करने में लगातार की जा रही उपेक्षा और अनदेखी से गुर्जर समाज की भावनाओं को काफी ठेस पहुंची है। जिससे बहुत तेजी के साथ पार्टी के प्रति नकारात्मक भावना हमारे गुर्जर समाज और उसके जिम्मेदार, समाजसेवी तथा राजनैतिक लोगों में पनप रही है। जिसके लिये भविष्य में गुर्जर समाज अपने राजनैतिक हित में कोई कडा निर्णय लेने के लिये स्वतंत्र है।
संयुक्त गुर्जर परिसंघ के संयोजक, विरेन्द्र गुर्जर, जगदीश पूठा ने बताया कि, यदि भाजपा प्रदेश और देश में गुर्जर समाज की आम भावनाओं के दृष्टिगत हमारे समाज को राजनैतिक रूप से उसका उचित हक मान सम्मान नहीं देती है तो इस परिस्थिति में हमारा समाज और सामाजिक संगठन तथा सभी जिम्मेदार अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए आगामी चुनाव और अन्य राजनैतिक मुददों पर भविष्य में गुर्जर समाज किस राजनैतिक दल को अपना समर्थन व सहयोग देगा शीघ्र ही इसके लिये एक सामाजिक / राजनैतिक जन-जाग्रति अभियान चलाकर समाज हित में एक बडा सम्मेलन मेरठ में किया जायेगा।
इस सम्मेलन में गुर्जर समाज अपनी राजनैतिक दशा और दिशा को बदलने के लिये खुलकर विचार करेगा और जिसके बाद भविष्य में सर्वसम्मति से संगठित होकर गुर्जर समाज के हित में किसी भी समाज हितैषी राजनैतिक दल को सपोर्ट और समर्थन देने पर स्वतंत्र रूप से विचार किया जायेगा।


