HomeCRIME NEWSमेरठ में बेटे ने की पिता की हत्या: ईंट से सिर कूंचकर...

मेरठ में बेटे ने की पिता की हत्या: ईंट से सिर कूंचकर उतारा मौत के घाट

-

– पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार।

शारदा रिपोर्टर मेरठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक बेटे ने अपने ही पिता की ईंट से सिर कूंचकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने चाकू से अपनी कलाई भी काट ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया।

 

 

सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 4 बजे की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिता-पुत्र के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद बेटे ने गुस्से में आकर पिता पर ईंट से कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण पिता की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान राजेश के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के मोतिहारी का रहने वाला था। राजेश मेरठ के जेलचुंगी इलाके में अपने बड़े बेटे अमन के साथ रहता था। दोनों पिछले करीब 20 साल से यहां नगर निगम की दो दुकानों में रहकर कबाड़ का काम करते थे। जबकि राजेश की पत्नी अनीता, बेटा अंकित और बेटियां खुशी व जूली बिहार में ही रहते हैं।

बताया जा रहा है कि आरोपी अमन नशे का आदी है। शनिवार सुबह भी वह नशे की हालत में था। इसी दौरान दुकान पर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में अमन ने ईंट उठाकर पिता के सिर और शरीर पर कई वार कर दिए, जिससे राजेश की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद अमन ने चाकू से अपनी कलाई भी काट ली और दुकान पर ही बैठा रहा। आसपास के लोगों को जब झगड़े और घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की मां कांति और बहन मंजू, जो मेरठ के यादगारपुर इलाके में रहती हैं, मौके पर पहुंच गईं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी बेटे अमन को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

 

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts