– टिकट न मिलने से दिल्ली की ट्रेन छूटी, वीडियो वायरल कर दी अभद्रता की जानकारी।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। मोदीपुरम स्टेशन पर डॉक्टर ने नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉपोर्रेशन (एनसीआरटीसी) के स्टाफ पर अभद्रता का आरोप लगाया। डॉक्टर का कहना है कि उन्हें दिल्ली जाने वाली आखिरी ट्रेन का टिकट नहीं दिया गया। इस वजह से उनकी एक इमरजेंसी कॉल छूट गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एनसीआरटीसी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। डॉक्टर के अनुसार, वह रविवार रात करीब 9:50 बजे स्टेशन पहुंचे थे। एक इमरजेंसी के चलते उन्हें दिल्ली जाना था। हालांकि, NCRTC स्टाफ ने समय सीमा पूरी होने का हवाला देते हुए उन्हें टिकट देने से इनकार कर दिया।

स्टाफ ने बताया कि आखिरी ट्रेन रात 10:00 बजे तक होती है, लेकिन टिकट बिक्री 9:55 बजे बंद कर दी जाती है। उनके अनुसार, कार्ड धारकों को प्रवेश दिया जाता है, पर नए टिकट नहीं बेचे जाते। इसी नियम को लेकर डॉक्टर और स्टाफ के बीच बहस हो गई।
डॉक्टर ने आरोप लगाया कि स्टाफ की लापरवाही के कारण उनकी दिल्ली जाने वाली आखिरी ट्रेन छूट गई। डॉक्टर ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
इस मामले पर एनसीआरटीसी के अधिकारी पुनीत वत्स ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है और उसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

