– होलिका दहन में NHAI का प्रतीकात्मक दहन, शर्म करो के नारों से गूंजा इलाका।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। शहर की लाइफलाइन मानी जाने वाली गढ़ रोड की बदहाल स्थिति को लेकर सोमवार की रात्रि लोगों का गुस्सा सड़कों पर दिखाई दिया। होलिका दहन के अवसर पर स्थानीय नागरिकों ने सड़क की दुर्दशा के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए National Highways Authority of India (NHAI) का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध जताया। इस दौरान एनएचएआई शर्म करो के नारे पूरे इलाके में गूंजते रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गढ़ रोड पर लंबे समय से गहरे गड्ढे, जलभराव और टूटी हुई सड़कें राहगीरों के लिए मुसीबत बनी हुई हैं। बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। आए दिन वाहन खराब होने, जाम लगने और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। कई बार शिकायतें करने और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

त्योहार के मौके पर एकत्रित हुए लोगों ने इस बार अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। होलिका की अग्नि में NHAI का प्रतीकात्मक दहन कर संदेश दिया गया कि अब सड़क की समस्या को लेकर जनता चुप नहीं बैठेगी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और वे सड़क की बदहाली जैसी “व्यवस्था की कमी” को भी समाप्त होते देखना चाहते हैं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोगों को नारेबाजी करते और गढ़ रोड की स्थिति पर नाराजगी जाहिर करते देखा जा सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से गढ़ रोड की तत्काल मरम्मत कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
गढ़ रोड की स्थिति अब शहर की छवि पर भी असर डाल रही है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जनआक्रोश के बाद संबंधित प्राधिकरण क्या कदम उठाता है।

