शारदा रिपोर्टर मेरठ। मेरठ बार एसोसिएशन के वर्ष 2026-27 के वार्षिक चुनाव की मतगणना के दौरान शुक्रवार को विवाद गहरा गया। वरिष्ठ कार्यकारिणी के कई प्रत्याशियों ने मतगणना प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए गिनती का बहिष्कार कर दिया और विरोध स्वरूप धरने पर बैठ गए।

फेज-2 के तहत वरिष्ठ और कनिष्ठ कार्यकारिणी पदों के लिए मतों की गिनती गुरुवार दोपहर से शुरू हुई थी। कुल 65 चरणों में मतगणना प्रस्तावित थी। वरिष्ठ कार्यकारिणी के छह पदों के लिए दस उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। लगभग आधी मतगणना पूरी होने के बाद कुछ प्रत्याशियों ने आरोप लगाया कि एक प्रत्याशी के पक्ष में मतों की संख्या में अनियमितता दर्ज की गई है।
आरोप है कि आपत्ति दर्ज कराने के बावजूद पुनर्गणना की मांग स्वीकार नहीं की गई। इससे नाराज प्रत्याशियों ने शुक्रवार को शेष मतगणना प्रक्रिया में शामिल होने से इनकार कर दिया और मतगणना स्थल छोड़ दिया। इसके बाद पंडित नानक चंद सभागार के बाहर बैठकर विरोध जताया गया।
धरने में कई प्रमुख प्रत्याशी और समर्थक अधिवक्ता शामिल रहे। उनका कहना है कि जब तक पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की जाती और आपत्तियों पर निष्पक्ष निर्णय नहीं होता, तब तक वे परिणाम स्वीकार नहीं करेंगे।
उधर, चुनाव से जुड़े अधिकारियों का दावा है कि मतगणना निर्धारित नियमों के अनुसार की जा रही है और प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष है। घटना के बाद बार परिसर में हलचल और गहमागहमी का माहौल बना रहा।


