नई दिल्ली: आज संसद के बजट सत्र का 5वां दिन है, जिसमें राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा होनी है। लेकिन आज भी सदन में विपक्ष के द्वारा हंगामा किया गया है। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने सोमवार को सदन में चीन का मुद्दा उठाया था, जिसके बाद लोकसभा में जमकर हंगामा हुआ था और राहुल गांधी की स्पीच के दौरान ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी।

इसके बाद हंगामे को बढ़ता देख सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया था। आज सुबह भी 11 बजे जैसे ही लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, वैसे ही विपक्ष ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इसके बाद सदन की कार्यवाही को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
बजट सत्र में लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने जोरदार हंगामा करना शुरू कर दिया है। भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर विपक्ष हंगामा कर रहा है। किरण रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी की वजह से सोमवार को सदन की कार्यवाही रुकी थी।

