– स्टेयरिंग काटकर चालक को बाहर निकाला गया, 20 मिनट तक तड़पता रहा।
मैनपुरी। कुरावली में सोमवार सुबह नेशनल हाईवे पर घने कोहरे के कारण एक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से कानपुर जा रही हमीरपुर डिपो की एक रोडवेज बस आलू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इस टक्कर में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक स्टेयरिंग में फंस गया। हादसे में बस चालक सहित कुल छह लोग घायल हुए हैं।

यह हादसा थाना कुरावली क्षेत्र के लखोरा और शरीफपुर खिरिया पीपर मोड़ के पास हुआ। सोमवार सुबह घना कोहरा छाया होने के कारण दृश्यता काफी कम थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर नेशनल हाईवे पेट्रोलिंग यूनिट तुरंत मौके पर पहुंची। आरपीओ हिमांशु सिंह शाक्य, चालक राहुल कुमार और हेल्पर पुष्पेंद्र कुमार ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस चालक मनीष कुमार (38), निवासी हमीरपुर, स्टेयरिंग में फंसे हुए थे। लगभग 20 मिनट की मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हादसे में बस में सवार गोविन्द कुमार और उनकी बहन दीप्ती कुमारी (28), निवासी कुरावली, गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ट्रैक्टर चालक प्रवीण कुमार (40) और अनूप सिंह (30), निवासी नगला पुनी, थाना सकीट, एटा, सहित दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
सभी घायलों को सरकारी एम्बुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात को सामान्य किया। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

