गोमांस से भरी होंडा सिटी पकड़ी, एक्शन के बजाए वसूली की तैयारी में थी पूरी टीम।
मुरादाबाद। एसएसपी सतपाल अंतिल ने पाकबड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार समेत 10 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। सभी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। यह कार्रवाई गौमांस से भरी एक कार पकड़ने के बाद मांस को गड्ढे में दबाने और कार को छिपाने के मामले में हुई है। एसएसपी ने थाना प्रभारी मनोज कुमार, चौकी प्रभारी (ग्रोथ सेंटर) अनिल कुमार, उप निरीक्षक महावीर सिंह, उप निरीक्षक (यूपी-112) तस्लीम, मुख्य आरक्षी बंसत कुमार, धीरेन्द्र कसाना, आरक्षी मोहित, मनीष, राहुल (यूपी-112), आरक्षी चालक (यूपी-112)सोनू सैनी को निलंबित किया है।
सोमवार रात करीब 1:45 बजे, पाकबड़ा थाना क्षेत्र के उमरी सब्जीपुर के जंगल में यूपी डायल 112 की पीआरवी टीम ने एक संदिग्ध होंडा सिटी कार देखी। कार सवार भाग निकले, जिसके बाद पीआरवी ने चौकी प्रभारी अनिल तोमर को सूचित किया। अनिल तोमर और थाना प्रभारी मनोज कुमार अपनी टीमों के साथ मौके पर पहुंचे। कार की तलाशी में गौमांस पाया गया।
पुलिस को मांस और कार को कब्जे में लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करना था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने गुप्त रूप से गड्ढा खोदकर मांस दबा दिया और कार को थाने की बजाय कहीं और छिपा दिया। आरोप है कि इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों ने सौदेबाजी भी की।
मंगलवार दोपहर एसएसपी सतपाल अंतिल को इस मामले की सूचना मिली। उन्होंने सीओ सिविल लाइंस कुलदीप कुमार गुप्ता, सीओ हाईवे राजेश कुमार, और सीओ कटघर आशीष प्रताप सिंह के नेतृत्व में एसओजी टीम को जांच के लिए भेजा। पशु चिकित्सक की मौजूदगी में गड्ढे से मांस निकाला गया और जांच की गई। पूछताछ में पुलिसकर्मियों की लापरवाही और मनमानी उजागर हुई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने स्वेच्छाचारिता और अनुशासनहीनता के आरोप में 10 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। एसएसपी ने कहा, ऐसी लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
जांच में पता चला कि गौमांस अमरोहा के गजरौला क्षेत्र में गोकशी के बाद कुन्दरकी की ओर ले जाया जा रहा था। कार कुन्दरकी के मोहल्ला सादात निवासी मोहम्मद शमी के नाम रजिस्टर्ड है। एसएसपी ने एसओजी को तस्करों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए लगाया है। थाने में मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
एसएसपी सतपाल अंतिल ने कहा कि पाकबड़ा पुलिस की लापरवाही की जानकारी मिली थी। सीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर 10 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।