– एनएच-44 पर हुआ हादसा, नागपुर से कानपुर जा रहा था लोहे की चद्दर से भरा ट्रक, एक घायल।
ललितपुर। एनएच 44 पर शनिवार सुबह 5 बजे एक भीषण हादसा हुआ। एक ट्रक अनियंत्रित होकर पेट्रोल पंप के पास गार्डन में जा घुसा। इस हादसे में ट्रक चालक और क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही तालबेहट कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को ट्रक से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम विघा मर्रा निवासी 42 वर्षीय रमेश पाल (क्लीनर), गांव के ही निवासी 40 वर्षीय राजकुमार (ट्रक चालक) और एक अन्य व्यक्ति रवि नागपुर से लोहे की चद्दर भरकर कानपुर जा रहे थे।
शनिवार सुबह जब ट्रक हाईवे स्थित ग्राम बम्होरी सर के निकट पहुंचा, तभी अनियंत्रित होकर पेट्रोल पंप के बाहर हाईवे किनारे बने गार्डन की लोहे की बाउंड्री से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक में भरी लोहे की चद्दरें केबिन को फाड़ती हुई बाहर निकल आईं। इससे ट्रक चालक राजकुमार और क्लीनर रमेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रवि घायल हो गया। मृतक रमेश के तीन पुत्र हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


