HomeTrending80 साल की रेप पीड़िता की इलाज के दौरान मौत -

80 साल की रेप पीड़िता की इलाज के दौरान मौत –

-

35 दिनों तक जिंदगी-मौत से जूझी, 35 साल के पड़ोसी युवक ने की थी वारदात


हाथरस। 80 साल की बुजुर्ग महिला से पड़ोस में रहने वाले 35 साल के युवक ने रेप कर दिया। घटना के 35 दिन तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद रविवार रात करीब 12:30 बजे पीड़िता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मामला 31 मई की रात करीब 2 बजे का है, जब पड़ोस में रहने वाले युवक ने नशे में धुत होकर बुजुर्ग महिला से घर में घुसकर रेप किया था। महिला को लहूलुहान और अर्द्धनग्न हालत में छोड़कर भाग गया था। अगले दिन ही पुलिस ने आरोपी युवक को अरेस्ट कर लिया था।

पुलिस ने पहले पीड़िता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। 8 दिन पहले वापस जिला अस्पताल भेजा गया था, जहां देर रात पीड़िता ने दम तोड़ दिया।

हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में 80 साल की महिला अकेले एक मंजिला मकान में रहती थी। देखरेख करने वाला कोई नहीं था। आसपड़ोस के लोग ही देखभाल करते थे। उन्होंने एक बेटे को गोद लिया था, लेकिन वह करीब आठ साल पहले उन्हें छोड़कर चला गया था। इसके बाद से वह अकेले ही रह रही थीं।

पुलिस के मुताबिक, 31 मई की रात करीब 2 बजे पड़ोस में रहने वाला करीब 35 वर्षीय सलमान ने बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म किया और उन्हें बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गया।

अगली सुबह जब मोहल्ले के लोगों ने घर का गेट खुला देखा तो अंदर जाकर देखा कि बुजुर्ग महिला अर्द्धनग्न अवस्था में चारपाई पर पड़ी थीं और उन्हें अत्यधिक ब्लीडिंग हो रही थी। काफी मुश्किल से उन्होंने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही हाथरस गेट कोतवाली प्रभारी नितिन कसाना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पड़ोस की महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

गंभीर हालत को देखते हुए पुलिस ने पहले बुजुर्ग महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालत में कुछ सुधार होने पर उन्हें दोबारा हाथरस जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन लगातार इलाज के बावजूद रविवार देर रात उनकी मौत हो गई।

मेडिकल जांच में हुई थी दुष्कर्म की पुष्टि
पुलिस के अनुसार मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी। इसके बाद पुलिस ने 1 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है। परिवार में पत्नी और 11 साल का एक बेटा है। हालांकि आरोपी और उसकी पत्नी ने खुद को निर्दोष बताते हुए फंसाए जाने का दावा किया था। आरोपी कूड़ा बीनने का काम करता था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
महिला की मौत के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य चिकित्सकीय साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में आवश्यक धाराएं बढ़ाई जाएंगी और विवेचना आगे बढ़ाई जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है ताकि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts