Homeउत्तर प्रदेशMuzaffarnagarमुजफ्फरनगर में हनी ट्रैप गैंग के 4 सदस्य गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर में हनी ट्रैप गैंग के 4 सदस्य गिरफ्तार

-

– प्रधानी चुनाव लड़ने वालों को बनाते थे शिकार, झूठे दुष्कर्म केस की धमकी देकर 10–15 लाख रुपए ऐंठे।

मुजफ्फरनगर। पुलिस ने एक हनी ट्रैप गैंग का पर्दाफाश किया है। यह गैंग प्रधानी चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को निशाना बनाकर उनसे मोटी रकम वसूलता था। पुलिस ने मामले में एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

 

Muzaffarnagar

 

नई मंडी कोतवाली में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया कि आफताब, रियासत, परवेज, साजिद और एक महिला वरजिना ने मिलकर हनी ट्रैप का संगठित गिरोह बना रखा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं 318(4), 231, 212, 308(7) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

गहन जांच के बाद पुलिस ने गैंग के चार सदस्यों आफताब, रियासत, साजिद और महिला वरजिना को गिरफ्तार कर लिया। वहीं गैंग का सदस्य परवेज अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी रथेडी और नई मंडी क्षेत्र के रहने वाले हैं। सभी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अधिकतर ग्राम पंचायत के प्रधानी चुनाव में खड़े उम्मीदवारों को निशाना बनाते थे। गैंग की महिला सदस्य पहले लोगों को अपने जाल में फंसाती थी। इसके बाद आरोपी छेड़छाड़ या दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर उम्मीदवारों पर दबाव बनाते थे। कई मामलों में पीड़ितों को चुनाव से हटने के लिए मजबूर किया जाता था, जबकि कुछ से मोटी रकम लेकर समझौता कर लिया जाता था।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी बाईपास स्थित एक होटल में बैठकर समझौते की डील करते थे। पुलिस उस होटल की भूमिका की भी जांच कर रही है। पूछताछ में सामने आया है कि गैंग अब तक करीब 10 से 15 लाख रुपये वसूल चुका है।

पुलिस के मुताबिक इस गैंग ने मुजफ्फरनगर के अलावा अन्य जिलों में भी लोगों को शिकार बनाया है। हरिद्वार जनपद में भी इस गिरोह के खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। कुछ मामलों में प्रधानी चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को साजिश के तहत फंसाकर चुनाव से पीछे हटाने की कोशिश भी की गई थी।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि जांच के दौरान हनी ट्रैप गिरोह का खुलासा हुआ है। इसमें एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। उन्होंने बताया कि गैंग का मुख्य सदस्य रियासत इस पूरे नेटवर्क की रीढ़ था और लोगों को हनी ट्रैप में फंसाने की साजिश रचता था। मामले की जांच सीओ नई मंडी और एसपी सिटी की निगरानी में कराई गई।

एसएसपी ने बताया कि गिरोह का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को 15 हजार रुपये का इनाम दिया गया है। साथ ही फरार आरोपी की तलाश जारी है और मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता भी खंगाली जा रही है।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

4,000,000FansLike
100,000SubscribersSubscribe

Latest posts