– बेडरूम में घुसकर कनपटी पर गोली मारी, हत्या करने के बाद खुद थाने पहुंचा।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। गुरुवार सुबह 17 साल के भतीजे ने 32 साल की चाची की हत्या कर दी। भतीजा अचानक बेडरूम में घुसा। कनपटी में सटाकर तमंचे से गोली मार दी। फिर मौके से भाग गया। हालांकि, थोड़ी देर बाद उसने मवाना थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। बोला- आए दिन चाची झगड़ा करती थी, इसीलिए गोली मार दी।

पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 9:20 बजे सभी घर के कामों में बिजी थे, तभी गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिवार के लोग दौड़े तो पूजा त्यागी बेडरूम में फर्श पर पड़ी तड़प रही थी। इतने में 17 साल का भतीजा तमंचा लेकर भागता दिखाई दिया। थोड़ी ही देर में पूजा ने दम तोड़ दिया।
चार साल पहले मोदीनगर की रहने वाली पूजा की शादी धर्मेंद्र त्यागी से हुई थी। पूजा का छह महीने का बेटा है। घटना हस्तिनापुर के गणेशपुर गांव की है। हस्तिनापुर थाने की फोर्स और पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे हैं। फोरेंसिक टीम ने भी सबूत जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
पति धर्मेंद्र त्यागी पत्नी की लाश देखकर बेसुध हो गए। रो-रोकर कहते रहे कि एक हंसते-खेलते परिवार को भतीजे ने उजाड़ कर रख दिया। बच्चे को नहीं पता कि उसकी मां अब इस दुनिया में नहीं रही। गांव की गलियों में सन्नाटा पसरा है। आरोपी भतीजा अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहा था।
घर में पूजा के ससुर राजकुमार त्यागी (65) अपने दो बेटों देवेंद्र और धर्मेंद्र के परिवार के साथ रहते हैं। धर्मेंद्र खेती करते हैं। देवेंद्र फौज में हैं। दो दिन पहले ही देवेंद्र छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर वापस गए हैं। देवेंद्र के दो बेटे हैं। बड़े बेटे का नाम हिमांशु है। जबकि, छोटे बेटे ने चाची की हत्या की है।
सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि आरोपी ने हत्या कर मवाना थाने में सरेंडर कर दिया है। उसका कहना था कि आए दिन चाची से कहासुनी होती थी, झगड़ा करती थी। इसी वजह से दोनों में मन-मुटाव हुआ तो तमंचे से गोली मार दी। फिर भागकर मवाना थाने आ गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। तमंचा कहां से मिला, पुलिस ये पता कर रही है।
आरोपी की ममेरी बहन थी मृतक पूजा: मृतक पूजा के पति धर्मेंद्र ने बताया कि भतीजे ने हत्या क्यों की, ये नहीं समझ पा रहे। मैं सुबह मिठाई खरीदने के लिए बाजार गया था। मवाना में मिठाई ले रहा था, तभी मुझे घर से फोन आया कि पूजा को गोली मार दी गई है।
मेरा बड़ा भाई उस वक्त बाथरूम में था। मैंने मिठाई वहीं हलवाई की दुकान पर छोड़ी और घर आया। देखा तो पत्नी की मौत हो चुकी थी। मेरी पत्नी पूजा भतीजे की ममेरी बहन है। जिस भतीजे ने गोली मारी है, मेरी पत्नी पूजा उसकी मामा की बेटी थी। उसी घर से मेरा रिश्ता हुआ था।

