– परिजनों ने विद्युत विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप, मुआवजे की मांग
उन्नाव। मौरावां थाना क्षेत्र के स्वयंवर खेड़ा गांव में खेत में करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। परिजनों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। स्वयंवर खेड़ा निवासी रामपती (पत्नी राम कुमार) सुबह पशुओं के लिए चारा लेने खेत गई थीं। इसी दौरान वह खेत में गिरी बिजली की तार की चपेट में आ गईं, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। मृतका के भतीजे सोनू यादव ने बताया कि खेत में पहले से ही बिजली की तार जमीन पर पड़ी थी, जिसकी जानकारी किसी को नहीं थी।

रामपती अपने पीछे पति राम कुमार, दो बेटे और एक बेटी छोड़ गई हैं। उनका परिवार खेती-बाड़ी कर जीवन यापन करता है। ग्रामीणों ने भी इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर जर्जर बिजली की तारें झुकी हुई या जमीन पर पड़ी रहती हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।
परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजे की मांग की है। उन्होंने विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग उठाई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

