तोड़ेंगे सचिन तेंदुलकर का 37 साल पुराना रिकॉर्ड
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की टी20 टीम का एलान कर दिया है। जैसी उम्मीद की जा रही थी वैसा ही हुआ। वैभव सूर्यवंशी को टीम में जगह मिली है। एशियन गेम्स की टीम में भी वैभव को जगह मिली है।
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने जिस तरह की बल्लेबाजी बीते दो साल में दिखाई है उसे देखते हुए उनके नाम के कयास लगाए जा रहे थे। सेलेक्टर्स भी उन पर नजरें रखे हुए थे और अब उनका टीम इंडिया के लिए खेलने का सपना सच होता दिख रहा है। वह टीम इंडिया में आ गए हैं। वैभव ने पिछले साल अपना आईपीएल डेब्यू किया था और सात मैचों में 252 रन बनाए थे। आईपीएल-2026 में तो उन्होंने कमाल ही कर दिया और 14 मैचों में 776 रन बनाए। वह इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे और आरेंज कैप भी जीती। उनके बल्ले से एक शतक और पांच अर्धशतक निकले थे। उन्होंने 237.31 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे।
इस सीजन वैभव ने हर बड़े गेंदबाज को अपना निशाना बनाया था और जमकर कुटाई की थी फिर चाहे सामने जसप्रीत बुमराह आए हों या जोश हेजलवुड या पैट कमिंस। वैभव ने किसी को नहीं छोड़ा। वैभव को श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम में जगह मिली है। अय्यर को सूर्यकुमार यादव की जगह टीम का कप्तान बनाया गया है। देखने होगा कि वह वैभव को मौका देते हैं या नहीं क्योंकि टीम के पास पहले से ही अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे ओपनर हैं। अगर वैभव को मौका मिलता है तो वह सचिन तेंदुलकर का भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। सचिन ने 16 साल 205 दिन की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ डेब्यू किया था। वैभव अभी 15 साल के ही हैं।
आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव।
इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, शिवम दुबे, नीतीश रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव।