– साढ़े तीन बजे सुबह गैस की चपेट में आए, पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने तीसरे को निकाला
कानपुर। सेप्टिक टैंक की सफाई करते समय दो युवकों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही एसीपी कल्याणपुर, डीसीपी वेस्ट सहित एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करीब एक घंटे तक रेस्क्यू कर तीन लोगों को बाहर निकाला। फिर पुलिस ने सभी को हैलट हॉस्पिटल भेजा। जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। मरने वाले जीजा-साले हैं।

कर्नलगंज थाने क्षेत्र के रहने वाले इरफान ने बताया कि रात में कल्याणपुर के गोवा गार्डन में बने ओम इन्क्लेव अपार्टमेंट में मैं जावेद (45) और आबिद (25) के साथ सेप्टिक टैंक साफ करने पहुंचा था। रात में करीब साढ़े 12 बजे के आसपास हमने पूरा सेटअप लगाया और सफाई करने तीनों लोग अंदर चले गए।
पहले राउंड की सफाई करने के बाद हम तीनों बाहर आ गए। इसके बाद करीब दो बजे दोबारा से अंदर सफाई करने के लिए सेप्टिक टैंक में उतरे। दूसरे राउंड में जावेद और आबिद और गहराई में चले गए। जिसके बाद वह उसी में फंस गए। काफी देर आहट न मिलने पर मैंने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस दौरान मेरा भी सिर थोड़ा चकराने लगा।
मैं किसी तरह बाहर निकला और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कल्याणपुर थाने का फोर्स मौके पर पहुंचा। कुछ देर बाद एसीपी कल्याणपुर आशुतोष, डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी, एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।
एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि कर्नलगंज के रहने वाले युवक रात में 12 बजे से काम कर रहे थे। सुबह साढ़े तीन बजे सेप्टिक टैंक की सफाई करते हुए तीन युवक गिर गए। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ पहुंची। यहां से तीनों को बाहर निकाला। जहां दो युवकों की मौत हो गई है। आगे जांच-पड़ताल की जा रही है।


