एनएच-58 पर हुआ हादसा, सड़क पर चिपके शव के चिथड़े, पुलिस ने पॉलिथिन में उठाया
मुजफ्फरनगर। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन को कुचल दिया। हादसे में तीनों की मौके पर मौत हो गई। शनिवार सुबह तीनों एक ही बाइक से हरिद्वार की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। बाइक सवार सड़क पर गिर गए, जिसके बाद ट्रक का पिछला हिस्सा उनके ऊपर चढ़ गया।
हादसा इतना भयंकर था कि तीनों के शव के चिथड़े सड़क पर चिपक गए थे। इसके बाद कई वाहन उनके ऊपर से गुजर गए। शवों के अवशेष काफी दूर तक सड़क पर बिखर गए। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने सड़क पर बिखरे शव के अवशेषों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला छपार थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली-हरिद्वार नेशनल हाईवे का है।
तीनों बाइक सवार मुजफ्फरनगर की ओर से हरिद्वार जा रहे थे। तभी जैसे ही नेशनल हाइवे पर सिसौना कट के पास पूजा होटल के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और संभलने का मौका भी नहीं मिला। इसी दौरान ट्रक का पिछला हिस्सा भी उनके ऊपर चढ़ गया। जिसके बाद काफी दूर में शव सड़क पर फैल गया। तीनों की मौके पर मौत हो गई।
हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रामपुर तिराहा चौकी प्रभारी और छपार थानाध्यक्ष मोहित चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जिसके बाद देखा की तीनों के शव के चिथड़े सड़क पर फैले थे।
दुर्घटना के बाद दिल्ली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने सबसे पहले यातायात व्यवस्था को सुचारू करने का प्रयास किया और भीड़ को हटाया। इसके बाद तीनों के शव के चिथड़ों को उठाकर पॉलिथिन में भरा। जिसके बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस को जांच के दौरान मौके से एक पहचान पत्र भी बरामद हुआ है, जिस पर संदीप नाम दर्ज है। इसके अलावा एक थैले में नाई (हेयर ड्रेसर) के काम में इस्तेमाल होने वाला सामान भी मिला है। वहीं बाइक की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के रामपुर कुंडाल गांव से संबंधित के रूप में हुई है।
सीओ सदर रवि शंकर मिश्रा ने बताया कि छिछौना के पास एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। बाइक पर दो पुरुष और एक बच्चा सवार थे। हादसे में ट्रक के पहिए के नीचे आने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, बाइक के पीछे एक बैग लदा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि बैग ट्रक से टकरा गया, जिससे बाइक असंतुलित हो गई और तीनों सड़क पर गिर गए। इसके बाद ट्रक के पहिए की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतकों की शिनाख्त और हादसे के सभी पहलुओं की जांच जारी है।