भाजपा पर लगाया आरोप, तोड़फोड़ व मोबाइल छीने
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर कोलकाता स्थित पार्टी कार्यालय पर सुनियोजित हमले का आरोप लगाया है। बनर्जी का दावा है कि तड़के करीब 4:30 बजे हथियारों से लैस लोग कैमैक स्ट्रीट स्थित कार्यालय में घुस आए, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकतार्ओं के साथ मारपीट की, मोबाइल फोन छीन लिए और कार्यालय में तोड़फोड़ की। अभिषेक बनर्जी ने घटना का वीडियो भी शेयर किया है और राज्यपाल, गृह मंत्री तथा न्यायपालिका से मामले में हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की है।
अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि बुधवार तड़के जब वह नई दिल्ली में थे, उसी दौरान कैमैक स्ट्रीट स्थित टीएमसी कार्यालय पर हमला किया गया। उनके अनुसार हमला करने वाले लोग हथियारों से लैस थे और उन्होंने कार्यालय परिसर में जमकर उत्पात मचाया। बनर्जी ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने कार्यालय के फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तोड़ दिए और वहां मौजूद लोगों पर हमला किया। उन्होंने इस घटना को कानून के शासन पर हमला बताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। टीएमसी नेता ने कोलकाता पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। उनका आरोप है कि पार्टी कार्यकतार्ओं और वकीलों की ओर से लगातार फोन कॉल और ईमेल किए जाने के बावजूद लगभग दो घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। उन्होंने कहा कि यदि राजधानी कोलकाता के बीचोंबीच किसी राजनीतिक दल के कार्यालय में तड़के हथियारों के साथ लोग घुसकर हमला कर सकते हैं और पुलिस समय पर कार्रवाई नहीं करती, तो इससे कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं।