बालू लदे डंपर ने बाइक को टक्कर मारी, हादसे के बाद गाड़ी छोड़कर भागा चालक
जालौन। कोटरा थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात लगभग 2:00 बजे के करीब एक दर्दनाक सड़क हादसे में बालू से भरे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में झांसी रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
कोटरा थाना कस्बे के रहने वाले बरकत (22) पुत्र नासिर खान, सौरभ खान (23) पुत्र हाफिज इस्माइल निवासी मोहल्ला गणेशगंज और अरबाज शाह (20) पुत्र मुराद अली शाह निवासी मोहल्ला तालपुरा एक ही बाइक से मोहर्रम मनाने उरई गए थे। देर रात लगभग 2 बजे तीनों युवक वापस अपने घर कोटरा लौट रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक एट रोड से कोटरा की ओर पहुंची, उसी दौरान कोटरा क्षेत्र से बालू भरकर जा रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बरकत तथा सौरभ खान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अरबाज शाह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
हादसे की सूचना मिलते ही कोटरा थाना प्रभारी निरीक्षक विमलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। झांसी में इलाज के दौरान अरबाज की भी मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक विमलेश कुमार ने बताया कि फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि चालक की पहचान कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।