– चेतावनी भी की जारी।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने शनिवार को गृहकर विभाग में लापरवाही करने वाले अफसरों को चेतावनी दी थी। गृहकर बिलों के वितरण व स्वकर निर्धारण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने मुख्य कर निर्धारण अधिकारी एसके गौतम को स्पष्टीकरण देने का नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
बताया गया है कि, गृहकर की वसूली न होने का कारण अधिकारियों की लापरवाही है। अब नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए नगर निगम अधिकारियों और की जिम्मेदारी तय की है। जबकि, 30 कर्मचारी (टैक्स कलेक्टर) को गृहकर विभाग में तैनात कर उन्हें वार्ड आवंटित किए गए हैं। वहीं, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार के नए आदेश से कर्मचारियों में अफरा तफरी की स्थिति देखी जा रही है।
नगर आयुक्त के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त ने आदेश जारी किया है। दरअसल, नगर आयुक्त ने अपने कैंप कार्यालय में शनिवार को समीक्षा बैठक की। इसमें वार्ड-47 में गृहकर बिलों के वितरण की स्थिति शून्य पाई गई तो नगर आयुक्त ने राजस्व निरीक्षक राजीव चौहान पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने तत्काल बिल वितरण करने को कहा। वार्ड-49 में बिलों के संशोधन में हो रही देरी पर मुख्य कर निर्धारण अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया। उनके जवाब को असंतोषजनक पाते हुए नगर आयुक्त ने मुख्य कर निर्धारण अधिकारी एसके गौतम का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने का निर्देश जारी किए। साथ ही संबंधित कर अधीक्षकों को चेतावनी दी कि यदि कार्यप्रणाली में शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।