Homeउत्तर प्रदेशMeerutफौजी बनकर की शादी, युवक निकला चौकीदार, पीड़ित महिला ने मेरठ एसएसपी...

फौजी बनकर की शादी, युवक निकला चौकीदार, पीड़ित महिला ने मेरठ एसएसपी से की शिकायत

-

पत्नी ने एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपकर लगाए आरोप, मांगा न्याय

शारदा रिपोर्टर मेरठ। एक युवक पर सोशल मीडिया के माध्यम से खुद को फौजी बताकर युवतियों को फंसाने का आरोप लगा है। शादी के बाद पता चला कि वह भारतीय सेना का जवान नहीं बल्कि चौकीदार है। पीड़िता पत्नी ने इस संबंध में मेरठ एसएसपी से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 

 

यह मामला जानी थाना क्षेत्र की खाटू धाम कॉलोनी का है। यहां रहने वाली सोनम ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि उसके पति सौरभ पुनिया बागपत रोड स्थित गांव नेक के निवासी हैं। करीब डेढ़ साल पहले सौरभ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर सेना की वर्दी में फोटो लगाई थी, जिसे देखकर सोनम की उससे बातचीत शुरू हुई।

बातचीत के दौरान सौरभ ने खुद को भारतीय सेना में कार्यरत जवान बताया और सोनम का भरोसा जीत लिया। सोनम ने बताया कि सौरभ को फौजी समझकर उसने उससे शादी कर ली। हालांकि, शादी के कुछ समय बाद ही सच्चाई सामने आ गई। पता चला कि सौरभ सेना में नहीं बल्कि चौकीदार की नौकरी करता है।

पीड़िता का आरोप है कि सौरभ सोशल मीडिया पर फौजी की वर्दी में फोटो लगाकर युवतियों को अपने जाल में फंसाता था और बाद में उन्हें ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठता था। पीड़िता के अनुसार, जब उसने इस बात का विरोध किया और सच्चाई सामने लाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

उसे कई-कई दिनों तक कमरे में बंद कर भूखा-प्यासा रखा जाता था। इतना ही नहीं, आरोपी के परिवार वाले भी उसका साथ देते हुए उसे गालियां देते और जान से मारने की धमकी देते थे। महिला ने बताया कि 25 फरवरी की सुबह करीब 9 बजे आरोपी ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। इसके बाद उसे बेहोशी की हालत में छोड़ दिया गया।

होश आने पर महिला ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस उसे थाना जानी ले गई और इलाज के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया। हालांकि, पीड़िता का कहना है कि इस मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

पीड़िता का आरोप है कि 2 मार्च को आरोपी उसके घर पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। इतना ही नहीं, वह अपने 8-10 साथियों के साथ घर पर पहुंचा और दरवाजा तोड़ने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट भी की।

पीड़िता ने एसएसपी से मिलकर आरोपी सौरभ और उसके साथियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। महिला का कहना है कि उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं और उसे अपनी जान का खतरा है, इसलिए पुलिस से जल्द न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

 

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

4,000,000FansLike
100,000SubscribersSubscribe

Latest posts