परिवार में विवाद के बाद घर से निकला था, बांस की कोठी में मिला शव
देवरिया। लार थाना क्षेत्र के परासी चकलाल गांव में गुजरात से तीन दिन पहले लौटे 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव शुक्रवार सुबह गांव के बाहर बांस की कोठी में मिला। घटना की जानकारी होते ही गांव में सनसनी फैल गई।
ग्रामीण शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बांस की कोठी में युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जानकारी मिलने पर परिजन भी पहुंच गए और घर में चीख-पुकार मच गई।
मृतक की पहचान दुर्गेश पाल (26) पुत्र स्वर्गीय मन्नू पाल के रूप में हुई है। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और गुजरात की एक निजी कंपनी में काम करता था। परिजनों के मुताबिक, दुर्गेश करीब तीन दिन पहले ही गुजरात से गांव लौटा था।
सूचना पर लार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी में युवक द्वारा गमछे का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। दुर्गेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिवार में उसकी मां, पत्नी मीरा और दो भाई लक्की व कली हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लार के प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।